इंडियन टीम (Indian Team) के लिए बीता एक हफ्ता किसी सपने की तरह रहा। अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20 World Cup 2024) को जीतने के बाद जैसे ही इंडियन टीम वापस घर लौटी, वैसे ही एयरपोर्ट से लेकर होटल तक सभी खिलाड़ियों का ग्रैंड वेलकम किया गया। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खाना भी खाया और फिर मुंबई में मरीन ड्राइव से टीम के लिए विक्ट्री परेड भी निकाल गई।
यारों ने भी किया रोहित का सत्कार
इंडियन टीम 11 साल बाद आईसीसी ट्रॉफी जीती है जिसके कारण अब कैप्टन रोहित शर्मा इंडियन क्रिकेट फैंस के लिए आंखों के तारे बन चुके हैं। उन्हें पूरे देशभर में खूब प्यार मिल रहा है और उनके घर पर इस प्यार का 10 गुना देखने को मिला।
दरअसल, हिटमैन को मुंबई के घर पर उनके यारों ने असली यारी दिखाई। अपने यार के लिए रोहित के बचपन के दोस्त एक कतार में खड़े नज़र आए और उन्होंने हिटमैन के घर पर आते ही उन्हें ग्रैंड सैल्यूट दिया। इसमें रोहित शर्मा के साथी खिलाड़ी तिलक वर्मा भी शामिल थे।इतना ही नहीं, इसके बाद रोहित के दोस्तों ने हिटमैन की ट्रॉफी उठाते समय वाली सेलिब्रेशन को रिक्रिएट भी किया और फिर उन्हें कंधों पर उठाकर खूब जश्न मनाया।
अक्सर कहा जाता है कि रोहित कई चीजें भूल जाते हैं, लेकिन अब हिटमैन को वो यादें मिली है जिसे वो ताउम्र कभी भूला नहीं पाएंगे। ये भी जान लीजिए कि हिटमैन का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें उनकी मां उनके सिर को चूमती नज़र आई। ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। गौरतलब है कि रोहित टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और अब कभी भी इंडिया के लिए ये फॉर्मेट नहीं खेलेंगे।