लीड्स, 4 जुलाई (CRICKETNMORE)| वेस्टइंडीज ने आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 का अंत जीत के साथ किया है। विंडीज ने गुरुवार को हेंडिग्ले मैदान पर खेले गए इस वर्ल्ड कप के अपने आखिरी मैच में अफगानिस्तान को 23 रनों से हरा दिया। यह वेस्टइंडीज की इस वर्ल्ड कप में दूसरी जीत है। उसे पहली जीत अपने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मिली थी। उलटफेर करने वाली टीमों की फेहरिस्त में शुमार होकर वर्ल्ड कप खेलने आई अफगानिस्तान इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत सकी। उसे सभी नौ मैचों में हार मिली। 

Advertisement

वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान को 312 रनों का लक्ष्य दिया था, लेकिन अफगानी टीम काफी संघर्ष के बाद 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर 288 रनों पर ऑल आउट हो गई। विंडीज नौ मैचों में दो जीत छह हार और एक रद्द मैच से कुल पांच अंक लेकर नौवें स्थान पर रही। अफगानिस्तान नौ मैचों में नौ हार के बाद अंकतालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर रही। 

Advertisement

वेस्टइंडीज ने साथ ही अपने तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल को वर्ल्ड कप से विजयी विदाई दी है। गेल पहले ही कह चुके हैं कि वह भारत के विंडीज दौरे के बाद संन्यास ले लेंगे। 

मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन जीत से दूर ही रही। अफगानिस्तान के दो बल्लेबाजों में उसको जीत की उम्मीदें जगाई थीं लेकिन जैसे ही वो दोनों आउट हुए विंडीज जीत के रास्ते से हटती चली गई।

 

अफगानिस्तान के लिए इकराम अली खिल ने 93 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 86 रन बनाए। उनका बखूबी साथ दिया सलामी बल्लेबाज रहमत शाह ने। शाह ने 78 गेंदों का सामना किया और 10 चौके लगाकर 62 रनों की पारी खेली। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की। इन दोनों ने कप्तान गुलबदीन नैब (5) के दूसरे ओवर में आउट होने के बाद यह साझेदारी की थी। 

कार्लोस ब्रैथवेट ने रहमत को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ा। अपना आखिरी वर्ल्ड कप मैच खेल रहे गेल ने इकराम का विकेट लिया। इकराम का विकेट 188 के कुल स्कोर पर गिरा। 

Advertisement

इन दोनों के जाने के बाद अफगानिस्तान लगातार विकेट खोती रही। नाजीबुल्लाह जादरान (31), असगर अफगान (40) तेजी से रन बनाने की कोशिश की थी, लेकिन दूसरे छोर से समर्थन नहीं मिला। मोहम्मद नबी (2), सामिउल्लाह शिनवारी (6), राशिद खान (9), दौलत जादरान (1) जल्दी पवेलियन लौट गए। 

अंत में सैयद शिरजाद ने 17 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाए। वह मैच की आखिरी गेंद पर आउट हुए ओशाने थॉमस की गेंद पर फाबियान ऐलेन ने उनका शानदार कैच पकड़ा। 

विंडीज के लिए ब्रैथेवेट ने चार और केमर रोच ने तीन विकेट लिए। थॉमस और गेल को एक-एक सफलता मिली। 

Advertisement

इससे पहले, ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला करने वाली विंडीज को किसी भी सूरत में 270-280 के पार नहीं जाने देगी, लेकिन निकोलस पूरन (58) और कप्तान जेसन होल्डर (45) ने टीम को 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 311 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आखिरी ओवर में चार गेंदों पर दो छक्के और एक चौके की मदद से नाबाद 14 रन बनाने वाले ब्रैथवेट का भी इसमें योगदान रहा। 

इन दोनों से पहले शाई होप और इविन लुइस ने अर्धशतक जमा टीम के लिए एक बड़े स्कोर का एक मंच जरूरत तैयार किया था, लेकिन विंडीज का मध्य क्रम इसका फायदा नहीं उठा पाया और बड़ा स्कोर मुश्किल लगा रहा था।

होप ने 92 गेंदें खेलकर 77 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं लुइस ने 58 रन बनाने के लिए 78 गेंदें खेलीं और छह चौकों के अलावा दो छक्के भी जड़े। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। 

Advertisement

दौलत जादरान ने शुरुआत में ही गेल (7) को आउट कर विंडीज को बड़ा झटका दिया। गेल के जाने के बाद लुइस और होप ने टीम का स्कोर 109 तक पहुंचाया। राशिद खान ने लुइस की पारी खत्म की। 

फिर होप और शिमरन हेटमायेर मिलकर एक और साझेदारी की जिससे विंडीज के स्कोर में 65 रनों की बढ़ोतरी हुई। होप की अपेक्षा हेटमायरे तेज खेल रहे थे। उन्होंने 31 गेंदों पर 39 रन बनाए। तीन गेंदों पर उन्होंने चौके और दो पर छक्के बटोरे। 

गेल को आउट करने वाले जादरान ने हेटमायेर को भी आउट किया। फिर नबी ने होप को राशिद के हाथों कैच करा विंडीज का स्कोर चार विकेट पर 192 रन कर दिया। 

Advertisement

यहां के कप्तान होल्डर और पूरन ने टीम के खाते में 105 रन डाले। पूरन ने 43 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा। होल्डर ने 34 गेंदों का सामना कर एक चौका और चार छक्के मारे। यह दोनों आखिरी ओवर में आउट हुए फिर इनके अधूरे काम को ब्रैथवेट ने अंजाम दिया।

अफगानिस्तान के लिए दौलत जादरान ने दो विकेट लिए। सैयद शिरजाद, मोहम्मद नबी, राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार