IND vs WI ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा।
इस सीरीज से पहले आइए नजर डालते हैं उन पांच भारतीय गेंदबाजों पर, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।
5. कुलदीप यादव
इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर भारतीय टीम के अनुभवी स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव हैं। कुलदीप आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा भी हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक 19 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें 21.51 की शानदार औसत से 33 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 4.72 का रहा है।
4. मोहम्मद शमी
चौथे नंबर पर भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी हैं। शमी भले ही वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन कैरेबियाई टीम के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। शमी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 18 वनडे मैचों में 22.54 की औसत से 37 विकेट लिए हैं। उनका इकॉनमी रेट 5.57 का रहा है।
3. अनिल कुंबले
भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। कुंबले ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 26 वनडे मुकाबले खेले और इस दौरान 23.73 की औसत से 41 विकेट चटकाए। उनका इकॉनमी रेट भी शानदार रहा और उन्होंने 4.36 की इकॉनमी से गेंदबाजी की।
2. कपिल देव
भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 42 वनडे मुकाबलों में 28.88 की औसत से 43 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट महज 3.62 का रहा।
Also Read: LIVE Cricket Score
1. रवींद्र जडेजा
इस लिस्ट में सबसे ऊपर मौजूदा भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा हैं। जडेजा भी आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और उनके पास अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करने का मौका भी होगा। जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अब तक 32 वनडे मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 29.88 की औसत और 4.90 की इकॉनमी रेट से कुल 44 विकेट चटकाए हैं।