ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा मुकाबला शनिवार, 07 फरवरी को वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया जिसे वेस्टइंडीज ने 35 रनों से जीतकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज़ किया। कैरेबियाई टीम की इस जीत में मिडल ऑर्डर बल्लेबाज़ शिमरोन हेटमायर और स्टार ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड ने अहम भूमिका निभाई।
इस मैच में टॉस जीतकर स्कॉटलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत धीमी रही लेकिन जब शिमरोन हेटमायर क्रीज़ पर आए तो रनगति ने रफ्तार पकड़ ली। हेटमायर ने 36 गेंदों पर 2 चौके और 6 छक्के ठोककर 64 रनों की पारी खेली। वहीं, उनके अलावा ब्रैंडन किंग (30 गेंदों पर 35 रन), रोवमैन पॉवेल (14 गेंदों पर 24 रन), और शेरफेन रदरफोर्ड (13 गेंदों पर 26 रन) ने अहम रन बनाए। इन्हीं पारियों के दम पर वेस्टइंडीज ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 182 रन बनाए।
अगर स्कॉटलैंड के गेंदबाज़ों की बात करें तो स्कॉट करी सबसे सफल खिलाड़ी रहे जिन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट लिए। उनके अलावा साफ्यान शरीफ, ऑलिवर डेविडसन, और माइकल लीस्क ने एक-एक विकेट झटका। इसके बाद जब स्कॉटलैंड की टीम एक बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उन्हें दूसरे ही ओवर में माइकल जोन्स के रूप में पहला झटका लग गया जिन्हें जेसन होल्डर ने पवेलियन की राह दिखाई।
इसके बाद कप्तान रिची बेरिंग्टन ने रनगति बढ़ाने की कोशिश की और अपनी टीम को मैच में वापस ला खड़ा किया। उन्होंने टॉम ब्रूस के साथ शानदार अर्द्धशतकीय साझेदारी करके स्कॉटलैंड को मैच में बनाए रखा लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही स्कॉटलैंड की गाड़ी पटरी से उतर गई। बेरिंग्टन ने 24 गेंदों में 42 रनों की तूफानी पारी खेली और टॉम ब्रूस ने भी 35 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज़ कुछ खास ना कर सका और अंत में पूरी टीम 18.5 ओवर में 147 रन बनाकर आउट हो गई। वेस्टइंडीज के लिए रोमारियो शेफर्ड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए ना सिर्फ हैट्रिक ली बल्कि 3 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट भी चटकाए। उनके अलावा होल्डर ने भी 3 विकेट चटकाए और जीत में अपना योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score