मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच एक बड़ा बदलाव करते हुए 21 साल के पंजाब के ऑलराउंडर कृष भगत को अपनी टीम में शामिल किया है। भगत को अथर्व अंकोलेकर की जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है। अंकोलेकर किसी अज्ञात चोट की वजह से IPL से बाहर हो गए हैं जिसके चलते मुंबई को ये फैसला लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
मुंबई के रहने वाले बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अंकोलेकर ने अंडर-19 लेवल पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस साल की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था लेकिन उन्हें चोट के चलते एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला और अब उनका आईपीएल अभियान भी बिना खेले ही समाप्त हो गया है।
वहीं, दाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज भगत ने पंजाब के लिए सात फर्स्ट-क्लास और नौ लिस्ट-A मैच खेले हैं। भगत 30 लाख रुपये की बेस प्राइस पर MI टीम में शामिल होंगे। हालांकि, ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या भगत को आने वाले मैचों में मुंबई इंडियंस प्लेइंग इलेवन में मौका देती है या नहीं क्योंकि हमने एक पैटर्न देखा है कि काफी समय बाद टीमें युवा खिलाड़ियों को इक्का-दुक्का मैचों में खिलाती हैं और भगत के साथ क्या होता है ये देखना दिलचस्प होगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं, अगर मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम के लिए फिलहाल आईपीएल 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं जा रहा है। मुंबई की टीम इस समय 4 मैचों में 1 जीत और 3 हार के साथ अंक तालिका में 9वें स्थान पर है और अब उनका मुकाबला आज पंजाब किंग्स से होना है। अगर हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ये मैच भी हार गई तो उनके लिए टूर्नामेंट में वापसी मुश्किल हो सकती है।