Ellyse Perry Injury Update: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एलिस पेरी की फिटनेस चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया की हेड कोच शेली निश्के ने एलिस पेरी की इस मुकाबले के लिए उपलब्धता को लेकर बड़ा संकते दिया है।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी चिंता एलिस पेरी की फिटनेस बनी हुई है। अनुभवी ऑलराउंडर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए पहले सेमीफाइनल में बल्लेबाजी को बीच में ही छोड़कर रिटायर्ड हर्ट होकर डगआउट लौट गई थी। इसके बाद से उनके फाइनल खेलने को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं।
इसी बीच ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की हेड कोच शेली निश्के ने इस खिताबी मुकाबले के लिए पेरी की उपलब्धता को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि टीम ने सेमीफाइनल के बाद कोई अभ्यास सत्र नहीं किया है, इसलिए फिलहाल उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
शेली निश्के ने कहा, "संभव है कि एलिस पेरी पूरी तरह फिट नहीं होने के बावजूद फाइनल खेलें। लेकिन वह खुद भी चाहेंगी कि मैदान पर टीम के लिए पूरी तरह योगदान दे सकें, चाहे वह फील्डिंग हो या विकेटों के बीच दौड़ना। हालांकि यह वर्ल्ड कप फाइनल है, इसलिए हमें यह भी देखना होगा कि हम कितना जोखिम उठा सकते हैं। ऐसे मुकाबले में फैसला सामान्य मैचों से अलग नजरिए से लिया जाता है।"
गौरतलब है कि इस टूर्नामेंट में एलिस पेरी ऑस्ट्रेलिया की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रही हैं। उन्होंने पांच पारियों में 185 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 46.25 और स्ट्राइक रेट 135.03 रहा है। पाकिस्तान और भारत के खिलाफ उन्होंने शानदार अर्धशतक भी लगाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब ऑस्ट्रेलिया की नजरें रविवार (5 जुलाई) को होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल पर हैं, जहां उसका सामना गुरुवार (2 जुलाई) को खेले जाने वाले सेमीफाइनल की विजेता टीम इंग्लैंड या साउथ अफ्रीका से होगा। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि एलिस पेरी पूरी तरह फिट होकर मैदान में उतरती हैं या टीम मैनेजमेंट उन्हें सीमित फिटनेस के बावजूद खेलने का मौका देता है।