बांग्लादेश क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान लिटन दास (Litton Das) मुश्किलों में घिर गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने उन पर केंद्रीय अनुबंध के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट से उबर रहे लिटन बोर्ड को बिना जानकारी दिए चीन चले गए थे।

Advertisement

लिटन दास को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की अनुशासन समिति के सामने पेश होना पड़ा है। बोर्ड ने उनसे कथित तौर पर बिना अनुमति चीन जाने को लेकर जवाब मांगा है। मामला केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों के लिए तय नियमों के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है।

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले महीने वनडे सीरीज के दौरान लगी पिंडली (काफ) की चोट के बाद से लिटन दास मैदान से बाहर हैं। इसी चोट के कारण वह उसके बाद हुई टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए। उन्होंने पूरी तरह फिट नहीं होने की वजह से लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) से भी अपना नाम वापस ले लिया था। हालांकि इसके बावजूद वह जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान टीम के साथ जुड़े थे, लेकिन तब भी वह पूरी तरह फिट नहीं हो सके थे और फिर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो गए थे।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, लिटन दास को अपनी काफ इंजरी की जांच के लिए 20 जुलाई को सिंगापुर जाना है। लेकिन इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों को बाद में पता चला कि जिम्बाब्वे दौरे के बाद वह बोर्ड को बिना जानकारी दिए चीन चले गए थे। केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों के लिए बोर्ड की अनुमति के बिना विदेश यात्रा करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है, जिसके चलते अब यह मामला BCB की जांच के दायरे में आ गया है।

Also Read: LIVE Cricket Score

रिपोर्ट के मुताबिक, BCB ने लिटन से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है। रविवार (19 जुलाई) को वह अनुशासन समिति के सामने भी पेश हुए और अपना पक्ष रखा। अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इस मामले में अपनी मेडिकल कमेटी से भी राय ले रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि लिटन की तरफ से दी गई जानकारी सही है या नहीं। इसके बाद ही बोर्ड तय करेगा कि उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी या नहीं। अगर बोर्ड उनके जवाब से संतुष्ट नहीं होता है तो बांग्लादेश के टी20 कप्तान पर कार्रवाई भी हो सकती है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार