आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बड़ा कन्फ्यूजन सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। दरअसल, एक वायरल वीडियो में धोनी की नंबर 7 जर्सी को ड्रेसिंग रूम से हटाकर नंबर 8 की जर्सी रखी जाती हुई दिखाई गई, जिसके बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई कि क्या धोनी अब अपना जर्सी नंबर बदलने वाले हैं।
मंगलवार (17 मार्च) को महेंद्र सिंह धोनी के फेसबुक अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया, जिसके कैप्शन में जिसमें लिखा था कि “कुछ नंबर हमेशा आपके साथ रहते हैं… 7 हमेशा उनमें से एक रहेगा, लेकिन आज मैं 8 पर स्विच कर रहा हूं, जल्द ही आपको वजह पता चलेगी।” बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू हो गया।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी और नंबर 7 का रिश्ता बेहद खास रहा है। अपने इंटरनेशनल डेब्यू से लेकर टीम इंडिया की कप्तानी और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ सफलता तक, यह नंबर उनकी पहचान बन चुका है। इतना ही नहीं, उनका जन्मदिन भी 7 जुलाई (07/07) को आता है, जिससे इस नंबर का भावनात्मक जुड़ाव और गहरा हो जाता है। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी 2023 में धोनी के सम्मान में नंबर 7 जर्सी को रिटायर कर दिया था। ऐसे में अचानक नंबर 8 की जर्सी सामने आने से फैंस हैरान रह गए।
हालांकि, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि धोनी IPL 2026 में अपना जर्सी नंबर बदलने जा रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा मामला एक प्रमोशनल कैंपेन या सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा हो सकता है, न कि असली बदलाव।
यानि फिलहाल फैंस को ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ‘धोनी 8’ की यह चर्चा सिर्फ अफवाह ही नजर आ रही है। अब सभी की नजर 22 मार्च से शुरु हो रहे IPL 2026 पर होगी, जहां एक बार फिर धोनी अपनी पुरानी जर्सी में मैदान पर उतरते दिख सकते हैं। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी और फैंस को इस टीम से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम:
एमएस धोनी (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, डेवॉल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन, गुरजपनीत सिंह, अंशुल कंबोज, अकील होसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर और जाक फाउल्क्स।