India vs England 2nd T20I: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हैं। संजू सैमसन की लगातार खराब फॉर्म के बीच कई फैंस वैभव को प्लेइंग इलेवन में देखने की मांग कर रहे हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका मिलेगा? पिछले तीन मुकाबलों से वह बेंच पर बैठे हैं।
हालांकि टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के बयान से फिलहाल ऐसा नहीं लगता कि टीम मैनेजमेंट जल्दबाजी में कोई बदलाव करने जा रहा है। मोर्कल ने साफ कहा कि टीम अपने खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है और सिर्फ हालिया नतीजों के आधार पर फैसले नहीं लेना चाहती।
मोर्कल ने खास तौर पर सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने पहले भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है और ऐसे खिलाड़ियों को मुश्किल समय में भी पूरा समर्थन मिलना चाहिए। अभिषेक शर्मा इस दौरे पर एक अर्धशतक और 49 रन की पारी खेल चुके हैं, जबकि संजू सैमसन लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 5 और 0 रन बनाए थे, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी सिर्फ 1 रन ही बना सके।
शुक्रवार (3 जुलाई) को हुई प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्कल ने कहा, "कोचिंग स्टाफ के तौर पर हमारा काम खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना और उनका साथ देना है। हां, एक युवा खिलाड़ी दरवाजा खटखटा रहा है और यह काफी रोमांचक है, लेकिन हमें अपने मौजूदा खिलाड़ियों का भी साथ देना होगा।"
मोर्कल ने यह भी माना कि वैभव सूर्यवंशी जैसा प्रतिभाशाली खिलाड़ी टीम में होना भारत के लिए अच्छी बात है। उन्होंने बताया कि युवा बल्लेबाज ने सीनियर टीम के माहौल में खुद को काफी अच्छी तरह ढाल लिया है और नेट्स में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। मोर्कल के मुताबिक इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच आत्मविश्वास के साथ खेलना अपने आप में बड़ी बात है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसे में अगर टीम पहले मुकाबले वाली बल्लेबाजी क्रम के साथ ही उतरती है तो वैभव सूर्यवंशी को अपने डेब्यू के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है। लेकिन इतना साफ है कि संजू सैमसन की खराब फॉर्म और वैभव के डेब्यू की यह चर्चा अभी थमने वाली नहीं है।