युजवेंद्र चहल का अभिषेक शर्मा की शैली में बल्लेबाजी की नकल करता वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों खिलाड़ियों की शानदार बॉन्डिंग और चहल का मजेदार अंदाज देखने को मिला।
भारतीय अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका मजाकिया अंदाज है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चहल टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी स्टाइल की नकल करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में चहल बड़े शॉट्स खेलने की एक्टिंग करते हुए अभिषेक की तरह छक्के लगाने का अंदाज दिखाते हैं, जिसे देखकर साथी खिलाड़ी और फैंस खूब हंसते नजर आए। इस दौरान चहल ने अभिषेक को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए शुभकामनाएं भी दीं और टीम इंडिया की जीत की कामना की।
पंजाब किंग्स द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में चहल मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि आज वह ‘जूनियर शर्मा’ की तरह बल्लेबाजी करेंगे और उनके स्टाइल में शॉट्स लगाएंगे। यही हल्का-फुल्का अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
VIDEO:
गौरतलब है कि युजवेंद्र चहल टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं, हालांकि वह 2024 में खिताब जीतने वाली टीम में शामिल थे। फिलहाल चहल आईपीएल 2026 की तैयारी में जुटे हुए हैं, जहां वह पंजाब किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
चहल के आंकडों की बात करें तो आईपीएल के वह सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम 174 मैचों में 22.76 की औसत से 221 विकेट दर्ज हैं। चहल आईपीएल में 200 विकेट हासिल करने वाले अभी तक इकलौते गेंदबाज हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने के मामले में दूसरे नंबर पर भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार हैं, जिनके नाम 198 विकेट दर्ज हैं।