पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने पसंदीदा भारतीय टेस्ट बल्लेबाजों का खुलासा किया। उन्होंने अपनी टॉप-3 लिस्ट में भारतीय क्रिकेट के तीन बड़े नामों को जगह दी। हालांकि, भारत के महान बल्लेबाज और लिटल मास्टर के नाम से मशहूर सुनील गावस्कर टॉप-3 में जगह नहीं बना सके।

Advertisement

भारतीय टीम के पू्र्व ऑफ स्पिन ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने शनिवार (15 अगस्त) को क्रिकइंफो के एक वीडियो में यह अपनी पसंद जाहिर की। अश्विन की इस लिस्ट में भारतीय टेस्ट क्रिकेट के दो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ शामिल रहे। इनके साथ तीसरे बल्लेबाज के रुप में विराट कोहली का नाम शामिल रहा।

‘द वॉल’ के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ ने भारत के लिए 1996 से 2012 के बीच 163 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 52.63 की औसत से 13,265 रन बनाए। द्रविड़ के नाम टेस्ट क्रिकेट में 36 शतक और 63 अर्धशतक हैं। 

वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2013 के बीच भारत के लिए 200 टेस्ट मैच खेले और 54.04 की औसत से 15,921 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में सचिन के नाम 51 शतक और 68 अर्धशतक हैं। वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं और उनके नाम इस फॉर्मेट में कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं।

अश्विन की टॉप-3 लिस्ट में तीसरा नाम विराट कोहली का है। कोहली ने 2011 से 2025 के बीच भारत के लिए 123 टेस्ट मैच खेले और 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए। विराट के नाम टेस्ट क्रिकेट में 30 शतक और 31 अर्धशतक हैं।
 

लिटल मास्टर सुनील गावस्कर को नहीं मिली टॉप-3 में जगह
अश्विन की इस लिस्ट में भारत के महान ओपनर और ‘लिटल मास्टर’ के नाम से मशहूर सुनील गावस्कर को टॉप-3 में जगह नहीं मिल पाई। हालांकि, गावस्कर अश्विन की टॉप-5 लिस्ट का हिस्सा थे। उनके अलावा वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंद्र सहवाग भी इस टॉप-5 में शामिल थे, लेकिन अश्विन की अंतिम टॉप-3 पसंद में द्रविड़, सचिन और विराट ही जगह बना सके।

Also Read: LIVE Cricket Score

गावस्कर ने भारत के लिए 1971 से 1987 के बीच 123 टेस्ट मैच खेले और 51.12 की औसत से 10,122 रन बनाए। उनके नाम 34 शतक और 45 अर्धशतक हैं। गावस्कर टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार