ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे टेस्ट में रविवार( 23 अगस्त) को मेजवान टीम ने शानदार वापसी करते हुए बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हरा दिया। इस मुकाबले की सबसे खास बात यह रही कि टेस्ट मैच सिर्फ दो दिन में समाप्त हो गया। 

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश का यह मुकाबला गेंदों के हिसाब से टेस्ट क्रिकेट का चौथा सबसे जल्दी खत्म होने वाला टेस्ट बन गया। आइए इस खास आर्टिकल के जरिए नजर डालते हैं सबसे कम गेंदों में खत्म हुए टॉप-4 टेस्ट मैचों पर।

4. ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश, 2026 
इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हाल ही में खत्म हुआ यह ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश का मैके टेस्ट है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम सिर्फ 64 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ने पहली पारी में 34 ओवर खेले।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 52.3 ओवर में 210 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 146 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भी बांग्लादेश के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और पूरी टीम 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 51 रन से मुकाबला अपने नाम किया। इस तरह यह मैच कुल 750 गेंदों में खत्म हुआ।

3. वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, 1935 
साल 1935 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में खेला गया टेस्ट इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर है। वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 47 ओवर में सिर्फ 102 रन पर ढेर हो गई।

इंग्लैंड ने इसके जवाब में 29.3 ओवर में 81 रन पर 7 विकेट के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने 19 ओवर में 6 विकेट खोकर 51 रन बनाकर पारी घोषित कर इंग्लैंड के सामने 73 रन का लक्ष्य रखा। इंग्लैंड ने सिर्फ 16.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से जीत दर्ज की। इस तरह यह मुकाबला कुल 672 गेंदों में समाप्त हुआ था।

2. ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका, 1932
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 1932 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया टेस्ट है। साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में सिर्फ 36 रन पर ढेर हो गई थी।

ऑस्ट्रेलिया ने जवाब में 54.3 ओवर में 153 रन बनाए। इसके बाद दूसरी पारी में भी साउथ अफ्रीका की हालत नहीं सुधरी और टीम 45 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने पारी और 72 रन से मुकाबला जीत लिया। यह टेस्ट सिर्फ 656 गेंदों में खत्म हुआ था।

1. साउथ अफ्रीका बनाम भारत, 2024 
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में गेंदों के हिसाब से सबसे जल्दी खत्म होने वाला मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2024 में केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेला गया था। साउथ अफ्रीका ने इस मुकाबले में अपनी पहली पारी में सिर्फ 55 रन बनाए थे। 

Also Read: LIVE Cricket Score

जवाब में भारतीय टीम भी 153 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका ने 176 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत के सामने जीत के लिए सिर्फ 79 रन का लक्ष्य था, जिसे टीम ने 12 ओवर में हासिल कर लिया। भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की और यह मुकाबला सिर्फ 642 गेंदों में समाप्त हुआ, जो टेस्ट क्रिकेट का सबसे कम गेंदों में पूरा हुआ मुकाबला है।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार