1930 में, इंग्लैंड की दो अलग-अलग टीम दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में टेस्ट खेले- एक ने न्यूजीलैंड में और दूसरी ने वेस्टइंडीज में। इसमें ऐसे दिन भी आए जब इंग्लैंड की दोनों टीम टेस्ट खेल रही थीं। यह टेस्ट क्रिकेट की सबसे अजीब घटनाओं में से एक है- ऐसा किस्सा आज भी बड़ा अजीब लगता है। आखिर क्यों इंग्लैंड को अपनी टेस्ट टीम दो हिस्सों में बांटनी पड़ी? कैसे हजारों मील की दूरी पर एक ही देश की दो टीमें एक साथ टेस्ट क्रिकेट खेल रही थीं? क्रिकेट इतिहास के इस बेहद दुर्लभ और लगभग भुला दिए गए किस्से की पूरी कहानी बेहद दिलचस्प है।

क्रिकेट इतिहास की एक ऐसी अनसुनी कहानी - ये स्टोरी 1920 के दशक में शुरू होती है। तब सिर्फ इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ही टेस्ट खेलते थे। 1926 में वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड भी टेस्ट खेलने वाले देशों के ग्रुप में शामिल हो गए। एमसीसी को (तब इंग्लैंड की टीम विदेश में इसी बैनर में खेलती थी) इन दोनों के साथ, उनकी पहली घरेलू टेस्ट सीरीज खेलने की जिम्मेदारी दी गई। यह कहना आसान था, लेकिन करना मुश्किल।

इन दो नई टेस्ट टीम को तो अपनी पहली ऐतिहासिक घरेलू सीरीज खेलने की जल्दबाजी थी, लेकिन उस दौर में कोई इंटरनेशनल टूर आसान नहीं था क्योंकि समुद्री यात्रा में ही हफ्तों लग जाते थे। उस पर इन दोनों जगह क्रिकेट सीजन लगभग एक ही समय में चलता था। इंग्लैंड के लिए एक टूर को खत्म कर, दुनिया के दूसरे कोने में नई टेस्ट सीरीज खेलना आसान नहीं था। तब न तो कमर्शियल जेट फ्लाइट थीं, न ही आसान कम्युनिकेशन और न ही टेस्ट टीम को रातों-रात दुनिया के दूसरे हिस्से में ले जाने की कोई व्यवस्था। तब इंग्लिश क्रिकेट को मैनेज करने वाले एमसीसी ने एक अनोखा तरीका निकाला, इस मुश्किल को सुलझाने के लिए: दो टीम बना दो, दो कप्तान और ये दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में खेलेंगी।

हेरोल्ड गिलिगन की कप्तानी में इंग्लैंड की एक टीम गई न्यूजीलैंड जबकि फ्रेडी कैल्थोरप की कप्तानी में दूसरी टीम गई वेस्टइंडीज। स्टार खिलाड़ियों के एक ही ग्रुप को दोनों जगह भेजने के बजाय, इंग्लैंड ने काउंटी क्रिकेटरों के बड़े पूल से दो टीम बना दीं।

पहला ओवरलैप जनवरी में हुआ। 10 जनवरी को, हेरोल्ड गिलिगन की टीम ने क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के विरुद्ध टेस्ट मैच शुरू किया,और इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने अपना पहला ऑफिशियल टेस्ट खेला। उधर अगले दिन, यानि कि 11 जनवरी को, फ्रेडी कैल्थोरप की इंग्लैंड टीम ने बारबाडोस के ब्रिजटाउन में वेस्टइंडीज का पहला घरेलू टेस्ट शुरू किया। इन दोनों टेस्ट में 13 जनवरी वह दिन था जब दोनों टीम ने वास्तव में ग्राउंड पर टेस्ट में खेल खेला।

सबसे खास तारीख तो अभी आनी बाकी थी। 21 फरवरी, 1930 तो वह दिन है जब इंग्लैंड की दोनों टीम, ने टेस्ट मैच शुरू किया। गिलिगन की टीम ने ऑकलैंड में न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीसरा टेस्ट शुरू किया जबकि हजारों मील दूर, कैल्थोरप की टीम ने जॉर्जटाउन, ब्रिटिश गुयाना (अब गुयाना) में वेस्टइंडीज के विरुद्ध दूसरा टेस्ट शुरू किया।

दोनों टीम, एक-दूसरे से इतनी ज्यादा दूर थीं कि ऐसा लग रहा था मानो दोनों टीम अलग-अलग ग्रह पर हों। तब टेलीविजन या मोबाइल नेटवर्क तो होते नहीं थे। इस तरह से दोनों टीम को एक-दूसरे के खेल के बारे में रिपोर्ट बड़ी देर से मिलती थी। भले ही रिकॉर्ड में ये दोनों टेस्ट एक ही तारीख पर शुरू हुए लेकिन खिलाड़ी खुद हजारों मील दूर, अलग-अलग टाइम जोन में खेल रहे थे।

न्यूजीलैंड टूर का एक और दिलचस्प पहलू भी था। जब हेरोल्ड गिलिगन को कप्तान बनाया तो एक अनोखा पारिवारिक रिकॉर्ड भी बना था। वे और उनके बड़े भाई आर्थर, टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाले पहले और अकेले भाई बने। सच ये है कि न्यूजीलैंड टूर के लिए कप्तान के तौर पर पहले आर्थर को ही शार्ट लिस्ट किया था लेकिन पूरी तरह फिट न होने की वजह से जब वे राजी न हुए तो उनकी जगह हेरोल्ड को यह जिम्मेदारी दे दी।

हैरानी की बात ये कि तब तक तो हेरोल्ड अपनी काउंटी टीम ससेक्स के कप्तान भी नहीं बन पाए थे। इंटरनेशनल क्रिकेट को बढ़ावा देने में गिलिगन परिवार के योगदान का खूब जिक्र होता है। 1926-27 में एमसीसीसी की जिस टीम ने भारत का पहली बार टूर किया था (जिसमें हुए खेल की बदौलत भारत को बाद में टेस्ट दर्जा मिला) उसके कप्तान आर्थर ही थे। बाद में हैरोल्ड न्यूजीलैंड के पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के कप्तान थे। इस तरह, ये दोनों भाई टेस्ट क्रिकेट को बढ़ावा देने की स्टोरी से खूब जुड़े रहे।

1930 की ये स्टोरी सिर्फ इसलिए दिलचस्प नहीं है कि इसमें इंग्लैंड ने एक ही दिन, दो टेस्ट मैच में क्रिकेट खेला, ये स्टोरी उस दौर के क्रिकेट के बारे में बहुत कुछ बताती है। एक साथ दो टूर का मतलब था इंग्लैंड की टेस्ट टीम का बंटवारा। खिलाड़ियों, ऑफिशियल और संसाधनों को दुनिया के दो दूर-दराज हिस्सों में बांटना और एमसीसी का समुद्री जहाजों और टेलीग्राफ संदेश के सहारे ही इन दोनों टीम से जुड़े रहना, सब अद्भुत था।

Also Read: LIVE Cricket Score

भारत की दो टीम तो एक ही दिन में दो अलग-अलग फॉर्मेट में खेली, 1930 में इंग्लैंड ने तो इस से भी और आगे निकलकर, दो अलग-अलग महाद्वीपों पर अपनी दो टीम के साथ, एक ही दिन, दो टेस्ट मैच खेले।

लेखक के बारे में

Charanpal Singh Sobti
Charanpal Singh Sobti is a veteran cricket writer with more than five decades of experience covering the game. At Cricketnmore, he brings his extensive knowledge, unique perspective and deep understanding of cricket to readers through insightful news, analysis, historical pieces and fascinating stories from the world of cricket. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार