IND vs SL Test Series 2026: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ अगामी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में 2022 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने वाले कई खिलाड़ी नजर नहीं आएंगे। 

Advertisement

भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा।भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज 2022 में खेली गई थी, जब श्रीलंकाई टीम भारत दौरे पर आई थी। उस सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।

हालांकि, पिछले कुछ सालों में भारतीय टेस्ट टीम में काफी बदलाव देखने को मिले हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, वहीं रविचंद्रन अश्विन भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। इसके अलावा भी पांच ऐसे और खिलाड़ी हैं, जो 2022 की टेस्ट टीम का हिस्सा थे लेकिन अब टीम इंडिया की योजनाओं में शामिल नहीं हैं।

1 हनुमा विहारी
इस लिस्ट में पहला नाम हनुमा विहारी का है। वह 2022 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे। उन्होंने दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजी की और तीन पारियों में 124 रन बनाए थे। इस दौरान उनका औसत 41.33 का रहा था और उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया था। हालांकि, इसके बाद वह लगातार भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह नहीं बना पाए। उन्होंने आखिरी बार कोई टेस्ट मैच जुलाई 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में खेला था।

2 मयंक अग्रवाल
भारतीय अनुभवी मयंक अग्रवाल भी 2022 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा थे। उन्होंने दोनों टेस्ट मैचों में टीम के लिए ओपनिंग की थी, लेकिन उनका प्रदर्शन ज्यादा खास नहीं रहा था। मयंक ने तीन पारियों में सिर्फ 59 रन बनाए थे और उनका बल्लेबाजी औसत 19.66 रहा था। इस सीरीज में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 33 रन था। श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज ही भारतीय टेस्ट टीम में उनकी आखिरी उपस्थिति रही।

3 श्रेयस अय्यर
इस लिस्ट में तीसरा नाम श्रेयस अय्यर का है, जिन्होंने 2022 की टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। श्रेयस अय्यर ने दो मैचों की तीन पारियों में 186 रन बनाए थे और उनका औसत 62 का रहा था। इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक लगाए थे, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।

4 अक्षर पटेल
ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी 2022 की श्रीलंका टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उन्हें सिर्फ एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था। अक्षर ने उस मैच में दो पारियों में 3 विकेट हासिल किए थे और बल्ले से 18 रन का योगदान दिया था। लेकिन 2026 श्रीलंका दौरे के लिए उन्हें जगह नहीं मिली है। अक्षर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था।

Also Read: LIVE Cricket Score

5 मोहम्मद शमी
इस लिस्ट में आखिरी नाम अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का है। शमी 2022 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे और उन्होंने दोनों मुकाबलों में हिस्सा लिया था। उन्होंने चार पारियों में 5 विकेट हासिल किए थे। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 23.80 और स्ट्राइक रेट 38.40 रहा था। हालांकि, चोट और फिटनेस की वजह से शमी लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2023 में खेला था।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार