Women's Asian Games 2026 Top 3 Run Scorers: महिला एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट के मुकाबलों में बल्लेबाजों का खूब जलवा देखने को मिला। जापान में खेले गए इस टूर्नामेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई बल्लेबाजों ने अपनी शानदार पारियों से सुर्खियां बटोरीं, तो आइए इस खास आर्टिकल के जरिए जानते हैं महिला एशियन गेम्स 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप-3 बल्लेबाजों के बारे में।
3. स्मृति मंधाना
भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार स्मृति मंधाना इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहीं। उन्होंने टूर्नामेंट में दो पारियों में बल्लेबाजी करते हुए कुल 116 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 181.25 रहा। मंधाना ने जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बल्लेबाजी नहीं की थी। इसके बाद उन्होंने टूर्नामेंट में मिले दोनों मौकों पर शानदार बल्लेबाजी की। फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उनकी 45 गेंदों में 79 रन की तूफानी पारी खास रही।
2. चमारी अटापट्टू
श्रीलंका की स्टार ऑलराउंड और कप्तान चमारी अटापट्टू टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने तीन पारियों में 175 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 162.04 रहा। अटापट्टू ने ग्रुप स्टेज में मलेशिया के खिलाफ 37 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेलकर टूर्नामेंट की शुरुआत की। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 50 गेंदों में नाबाद 83 रन ठोक दिए और श्रीलंका को फाइनल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।
फाइनल में भारत के खिलाफ भी अटापट्टू ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 21 गेंदों में 29 रन की पारी खेली, हालांकि श्रीलंका को इस मुकाबले में 147 रन से हार का सामना करना पड़ा।
1. शेफाली वर्मा
महिला एशियन गेम्स 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भारत की 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने तीन पारियों में 188 रन बनाए और 202.15 के शानदार स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों पर अपना दबदबा बनाए रखा।
Also Read: LIVE Cricket Score
शेफाली ने जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में सिर्फ 15 गेंदों में नाबाद 40 रन की तूफानी पारी खेली। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने इतिहास रच दिया। शेफाली ने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए और एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का पहला शतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गईं। फाइनल में भी शेफाली का बल्ला शांत नहीं रहा। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 29 गेंदों में 48 रन बनाए और भारत के बड़े स्कोर में अहम योगदान दिया।