क्रिकेट का जन्मदाता इंग्लैंड समय-समय पर कई महान खिलाड़ियों का पैदा करता रहा है। इसके पीछे उनके मजबूत घरेलू ढांचे का सबसे बड़ा हाथ है। इसी कड़ी में अब एक 12 साल के बच्चे ने फैंस के होश उड़ा कर रख दिए हैं। एडम हुसैन नाम के इस बच्चे ने 12 साल की उम्र में ही सीनियर लंकाशायर की टीम में डेब्यू कर लिया है।
एक्रिंगटन में रहने वाले एडम ने रिबल्सडेल लीग के दो मैचों में बैक्सेंडेन फर्स्ट्स की तरफ से भाग लिया है। इसके अलावा एडम लंकाशायर काउंटी अंडर-12 टीम के लिए भी खेलते हुए देखा गया है। उन्होंने पिछले महीने ही रीड के खिलाफ अपना पदार्पण किया था।
नौ साल की उम्र में, इस छोटे से क्रिकेटर ने U15 क्रिकेट में भाग लिया और अब तक उनका सर्वोच्च स्कोर 95 है। एडम कभी कभी लेग स्पिन गेंदबाज़ी भी कर लेते हैं। एडम के खेल के जुनून के बारे में बोलते हुए, एडम के पिता अरशद हुसैन ने खुलासा किया कि एक समय उनके बेटे का पसंदीदा खेल फुटबॉल था। हालांकि 8 साल की उम्र पार करने के बाद उनका लगाव क्रिकेट की तरफ ज्यादा हो गया।