टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का बल्ला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में पूरी तरह से खामोश रहा। रोहित चार पारियों में सिर्फ 30 रन ही बना सके। इस दौरान वह दो बार बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
रोहित का इस सीरीज में बैटिंग औसत सिर्फ 7.50 का रहा, जो द्विपक्षीय वनडे सीरीज में बतौर ओपनर उनका सबसे खराब प्रदर्शन है। सीरीज के पहले मुकाबले में भारत के पूर्व कप्तान बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद दूसरे वनडे में उन्होंने 23 रनों का योगदान दिया। तीसरा मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा, जिसके चलते रोहित को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला।
चौथे वनडे में भी रोहित का फ्लॉप शो जारी रहा और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। सीरीज के अंतिम मुकाबले में भी रोहित बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 7 रन बनाकर आउट हुए। रोहित के इंटरनेशनल करियर का न्यूजीलैंड का यह शायद आखिरी दौरा बल्ले से निराशाजनक रहा। हालांकि, पांचवें वनडे में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय टीम सीरीज को 3-1 से अपने नाम करने में सफल रही।