Women's T20 World Cup 2026, Bangladesh Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के पांचवें मुकाबले में बांग्लादेश ने नीदरलैंड को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। 20 वर्षीय जुएरिया फिरदौस के शानदार अर्धशतक और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने इस मुकाबले में जीत हासिल की।
बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में रविवार (14 जून) को खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा नहीं करने दिया।
नीदरलैंड की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज बैबेट डी लीडे ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और एक छोर संभाले रखा। लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों से ज्यादा सहयोग नहीं मिला।