IPL 2026, Lucknow Super Giants vs Chennai Super Kings: आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में अर्धशतक जड़ा। वहीं डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे ने भी अहम योगदान दिया, जिसके चलते टीम ने 187 रन का स्कोर खड़ा किया।
आईपीएल 2026 का 59वां मुकाबला शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जा रहा है। इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि संजू सैमसन भी 20 रन बनाकर पावरप्ले के अंदर ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद 20 साल के युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 70 रन की अहम साझेदारी की। ब्रेविस ने 16 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि कार्तिक शर्मा ने 42 गेंदों में 6 चौके और 5 छक्कों की मदद से 71 रन की शानदार पारी खेली।