Bangladesh vs Pakistan 2nd ODI Highlights: बारिश से प्रभावित दूसरे वनडे में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रन से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान ने 274 रन बनाए, जिसमें 20 साल के माज सदाकत ने शानदार 75 रन की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाज़ी में भी उन्होंने 3 विकेट झटककर मैच का रुख पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया।
शुक्रवार (13 मार्च) को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले गए बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दूसरे वनडे में बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम को साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 79 गेंदों में 103 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दी। फरहान ने 46 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि 20 साल के माज सदाकत ने 46 गेंदों में 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इसके बाद मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 115 गेंदों में 109 रन की अहम साझेदारी की। रिजवान ने 59 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि सलमान अली आगा ने 62 गेंदों में 65 रन की उपयोगी पारी खेली।