Arafat Minhas Five-Wicket Haul: पाकिस्तान के युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले ही वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया। 21 वर्षीय इस स्पिनर ने अपने डेब्यू मैच में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो आज तक कोई भी पाकिस्तानी खिलाड़ी वनडे डेब्यू में नहीं कर पाया था।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार (30 मई) को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में पाकिस्तान के युवा स्पिनर अराफात मिन्हास ने अपनी घातक गेंदबाजी से सभी को प्रभावित करते हुए इतिहास रच दिया।
अराफात मिन्हास ने अपने वनडे डेब्यू मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इसी के साथ वह वनडे डेब्यू में पांच विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले पाकिस्तान के चार गेंदबाज अपने डेब्यू वनडे में चार-चार विकेट लेने में सफल हुए थे, लेकिन कोई भी पंजा नहीं खोल पाया था।