आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा से फैंस को काफी उम्मीदें थी लेकिन वो बुधवार (18 फरवरी) को नीदरलैंड के खिलाफ इस मैच में भी खाता नहीं खोल पाए। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में भी अभिषेक पहले ही ओवर में आउट हो गए। अभिषेक को नीदरलैंड के स्पिनर आर्यन दत्त ने क्लीन बोल्ड करके पवेलियन की राह दिखाई।
इस मुकाबले में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन आर्यन दत्त ने पहले ही ओवर में भारत को पहला झटका देकर इस फैसले को गलत साबित कर दिया। पारी के पहले ओवर की पहली दो गेंदें डॉट खेलने के बाद अभिषेक ने तीसरी गेंद पर भी हवाई शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन वो पूरी तरह से चूक गए और गेंद सीधा स्टंप पर जा लगी। उनके बोल्ड होने का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। कुलदीप यादव और अक्षर पटेल की जगह अर्शदीप सिंह और वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया गया है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम पाकिस्तान को मात देकर पहले ही सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है ऐसे में ये मैच उनके लिए सुपर-8 से पहले अच्छा टेस्ट साबित हो सकता है।