पंजाब की घरेलू क्रिकेट लीग शेर-ए-पंजाब टी20 लीग (Sher-e-Punjab T20 League 2026) में सोमवार (7 सितंबर) को फाजिल्का फाल्कन्स और अमृतसर सूरमाज के बीच आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में मुकाबला खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया के दो स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल (Shubman Gill) और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) आमने-सामने थे।
फाजिल्का फाल्कन्स के कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले में अर्धशतक लगा चुके थे। इसके बाद 10वें ओवर में उनका सामना अमृतसर सूरमाज के कप्तान और पार्ट-टाइम बाएं हाथ के स्पिनर अभिषेक शर्मा से हुआ। गिल ने अभिषेक को देखते ही आक्रामक रुख अपना लिया। ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने गेंदबाज के सिर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद तीसरी गेंद पर चौका लगाया और फिर पांचवीं गेंद को भी छक्के के लिए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इस तरह एक ही ओवर में गिल ने अभिषेक की गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़कर उन पर दबाव बना दिया। गिल ने आखिरी गेंद पर एक बार फिर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की।
अभिषेक ने हालांकि आखिरी गेंद पर अपना हिसाब चुकता कर लिया। उन्होंने हाफ ट्रैकर गेंद डाली, जिसे गिल ने पुल करते हुए छक्के के लिए भेजने की कोशिश की। इस बार उनका शॉट बाउंड्री पार नहीं पहुंच सका और गेंद बाउंड्री लाइन पर खड़े नमन धीर के हाथों में चली गई।