IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के लिए पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा (Akash Chopra) ने टीम इंडिया की अपनी पसंदीदा प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें उन्होंने श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए तीन स्पिन और दो तेज गेंदबाजों को शामिल किया है।
आकाश चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस टीम का चयन करते हुए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल की अपनी सलामी जोड़ी के तौर पर चुना है। नंबर-3 पर चोपड़ा ने देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया है। साईं सुदर्शन के चोटिल होने के बाद पडिक्कल को इस स्थान पर खेलने का मौका मिलने की संभावना बढ़ गई है। उनके बाद कप्तान शुभमन गिल को नंबर-4 और ऋषभ पंत को नंबर-5 पर रखा गया है।
सरफराज खान की वापसी के बाद नंबर-6 के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। सरफराज ने साईं सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टेस्ट टीम में वापसी की है, लेकिन आकाश चोपड़ा ने इस जगह पर उनके बजाय ध्रुव जुरेल को चुना है। चोपड़ा ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ जुरेल की बल्लेबाजी क्षमता को देखते हुए उन्हें तरजीह दी है।