आईपीएल 2026 के मुकाबले में पंजाब किंग्स के लिए खेल रहे भारतीय स्टार लेफ्ट ऑर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 11 गेंदों का ओवर फेंक दिया, जो IPL के सबसे लंबे ओवरों की लिस्ट में शामिल हो गया। इस ओवर में कई वाइड और नो-बॉल ने उनका लय बिगाड़ा और उनका नाम अब एक खराब रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
मंगलवार (31 मार्च) को खेले जा रहे आईपीएल 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में अर्शदीप ने 11 गेंदों का ओवर डालकर IPL इतिहास के सबसे लंबे ओवरों की लिस्ट में अपनी जगह बना ली।
गुजरात टाइटंस की पारी के आखिरी ओवर में अर्शदीप को गेंदबाजी सौंपी गई थी, लेकिन वह अपनी लाइन-लेंथ पर कंट्रोल नहीं रख सके। इस ओवर में उन्होंने 5 वाइड और 1 नो-बॉल फेंकी, जिसके चलते ओवर 11 गेंदों तक चला गया। अर्शदीप से पहले भी IPL में कई गेंदबाज इस तरह का अनचाहा रिकॉर्ड बना चुके हैं। मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे गेंदबाज भी 11 गेंदों का ओवर डाल चुके हैं। सिराज ने 2023 में सबसे पहले यह रिकॉर्ड बनाया था और अब अर्शदीप भी इस अनचाहे रिकॉर्ड में अपना नाम जोड़ चुके हैं।