टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा का विकेट एक खतरनाक टक्कर के बीच गिरा। गेंद हवा में थी और दो फील्डर एक साथ कैच के लिए दौड़ पड़े। टकराव की स्थिति बनी, लेकिन कॉर्बिन बॉश ने हिम्मत नहीं हारी। गिरते-पड़ते उन्होंने कैच पकड़कर सबको हैरान कर दिया।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के तीसरे मुकाबले में रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने थी। भारतीय पारी के दौरान एक ऐसा पल आया, जिसने फैंस की सांसें रोक दीं।
पारी के पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर मार्को यानसेन ने नकल बॉल से अभिषेक शर्मा को छकाया। अभिषेक ने फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर जल्दी आ गई और ऊंची हवा में चली गई। मिडविकेट से कॉर्बिन बॉश दाईं ओर दौड़े, जबकि मिडऑन से केशव महाराज भी तेजी से उसी दिशा में भागे।