Bangladesh vs New Zealand 2nd ODI: ढाका के शेर ए बांग्ला स्टेडियम में सोमवार (20 अप्रैल) को खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 198 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में बांग्लादेश ने 35.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी और तंजीद हसन की शानदार पारी ने टीम के लिए यह मैच बनाया।
बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। हेनरी निकोल्स 13 रन और विल यंग सिर्फ 2 रन बनाकर पावरप्ले के अंदर ही आउट हो गए।
इसके बाद कप्तान टॉम लैथम भी 14 रन बनाकर चलते बने, जबकि मुहम्मद अब्बास ने 19 रन का योगदान दिया। लगातार गिरते विकेटों के बीच सलामी बल्लेबाज निक केली ने एक छोर संभाले रखा और 102 गेंदों में 83 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। हालांकि उन्हें दूसरे छोर से कोई खास साथ नहीं मिला और पूरी टीम 48.4 ओवर में 198 रन पर ऑलआउट हो गई।