भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में 13, 15 और 17 सितंबर को खेला जाना है। इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई है।
15 सदस्यीय टीम में 4 ऐसे खिलाड़ियों को जगह दी गई है जो अनफिट हैं। ये चार खिलाड़ी ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा हैं। ये चारों खिलाड़ी फिट होने की स्थिति में ही खेल पाएंगे। सवाल यह है कि विकल्प होते हुए भी अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने अफगानिस्तान सीरीज के लिए अनफिट खिलाड़ियों को क्यों चुना? फिट हो जाने की स्थिति में भी खिलाड़ियों को अपनी रिदम में आने के लिए समय चाहिए होता है। अन्यथा इंजरी का खतरा बना रहता है।
नितीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा के करियर पर नजर डालें तो इन चारों खिलाड़ियों का करियर अब तक इंजरी से बुरी तरह प्रभावित रहा है। ऐसे में इन्हें बोर्ड द्वारा पूरा समय दिया जाना चाहिए था, ताकि वापसी के बाद इनके लिए इंजरी की संभावना कम रहे।