इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर और टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स इन दिनों मैदान के बाहर विवादों के चलते सुर्खियों में हैं। हालांकि, तमाम अटकलों के बीच स्टोक्स ने अपने अगले कदम को लेकर साफ संकेत दे दिया है। इंग्लैंड टीम से बाहर किए जाने के बाद अब वह घरेलू क्रिकेट में वापसी करने जा रहे हैं।
बेन स्टोक्स को नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ होने वाले काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले के लिए डरहम की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में शुक्रवार (19 जून) से खेले जाने वाले इस मैच में उनके खेलने की पूरी संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से स्टोक्स डरहम के हेड कोच रयान कैंपबेल की निगरानी में चेस्टर-ले-स्ट्रीट में अभ्यास कर रहे थे और अब वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।
दरअसल, स्टोक्स को न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 जून से द ओवल में खेले जा रहे तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया था। यह फैसला टीम के नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद लिया गया। स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन दोनों फिलहाल इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) और क्रिकेट रेगुलेटर की जांच का सामना कर रहे हैं।