इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत होने में 10 दिन से भी कम का समय बचा है और सभी टीमों ने अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी है। पिछली बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने भी टाइटल डिफेंड करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, क्या उनकी टीम इस बार खिताब का बचाव कर पाएगी, ये एक ऐसा सवाल है जिसका जवाब एबी डी विलियर्स ने देने की कोशिश की है।
डी विलियर्स का मानना है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) इस साल अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के खिताब को बचा सकती है और लगातार दूसरे सीज़न में टूर्नामेंट जीत सकती है। आरसीबी ने पिछले साल 18 साल में पहली बार आईपीएल जीता था और डी विलियर्स के अनुसार, टीम अब सिर्फ़ विराट कोहली पर निर्भर नहीं है। उन्होंने कहा कि आरसीबी की टीम लड़ाकों से भरी है।
जियो स्टार से बात करते हुए डी विलियर्स ने कहा, "विराट ये महसूस कर सकते हैं, उन्हें ये एहसास हो सकता है कि अब सिर्फ़ वही अकेले टीम का बोझ नहीं उठा रहे हैं। उनके आस-पास लड़ाकों की एक टीम है, जो सभी ट्रॉफी जीतने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुझे लगता है कि वो अभी बहुत अच्छी स्थिति में हैं। ये लगभग वही टीम है, उन्हें ज़्यादा बदलाव नहीं करने पड़े और उनके पास ये मानने का अच्छा कारण है कि वो आने वाले सीज़न में एक बार फिर से आखिर तक जा सकते हैं।"