आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी लगातार अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं और अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस शानदार खिलाड़ी को सीधे भारतीय टीम में शामिल करने की बढ़ती मांग का समर्थन किया है। इसके साथ ही अश्विन ने इस बात पर भी अपनी राय रखी कि क्या सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में भी दम दिखा सकते हैं या नहीं।
अश्विन का मानना है कि सूर्यवंशी सिर्फ टी-20 क्रिकेट में ही नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी लोगों की दिलचस्पी फिर से जगा सकता है। सूर्यवंशी आईपीएल 2026 की सबसे बड़ी सनसनी बन गए हैं। उनके बेखौफ अंदाज़ को देखने के लिए फैंस टीवी और स्ट्रीमिंग पर बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं, जिससे दर्शकों की संख्या में ज़बरदस्त उछाल आया है।
अश्विन ने सूर्यवंशी के बारे में बोलते हुए कहा, "मुझे उन्हें टेस्ट मैच में खेलते देखने में कोई दिक्कत नहीं होगी और मुझे उन्हें खेल के तीनों फॉर्मेट में खेलते देखने में भी कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्हें क्रिकेट के मैदान पर उतारो, लोगों को स्टेडियम तक आने दो, क्योंकि वो आपका भरपूर मनोरंजन करने वाले हैं। ऐसे प्लेयर्स सिर्फ टी-20 ही नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट में भी अच्छा कर सकते हैं।"