IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ गुरुवार को दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shuman Gill) ने कहा कि उनकी टीम ने मैदान पर अपना सब कुछ झोंक दिया था और उन्हें अपने रणनीतिक फैसलों पर कोई पछतावा नहीं है।
भारतीय टीम को एसएससी ग्राउंड पर मुकाबले के अंतिम दिन जल्दी-जल्दी चार विकेट लेने थे, जिसके बाद एक छोटा-सा लक्ष्य हासिल करना था, लेकिन सोनल दिनुषा ने 133 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम इंडिया की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस पारी में श्रीलंका के 9 ही विकेट गिरे। हालांकि, भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम की।
मैच खत्म होने के बाद गिल ने कहा, "सच कहूं तो, कुछ और नहीं किया जा सकता था। आप तीन दिनों तक इतने सारे ओवरों में फील्डिंग करते हैं; हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन उन्होंने बहुत अच्छा खेला। उनके बल्लेबाजों ने काफी कौशल दिखाया और उन्हें थोड़ी किस्मत का भी साथ मिला।"