टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ नेपाल का प्रदर्शन देखने के बाद दुनियाभर के क्रिकेट फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स रोहित पौडेल की टीम की तारीफ कर रहे हैं। नेपाल की टीम इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 4 रन से मैच हार गई लेकिन अपने इस प्रदर्शन से वो दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीतने में सफल रहे। नेपाल के इस परफॉर्मेंस के बाद पूर्व साउथ अफ्रीकी तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन ने तो उन्हें कोचिंग देने का ऑफर भी दे दिया है।
डेल स्टेन ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट के द्वारा ये पेशकश की। उन्होंने नेपाल की तरक्की की तारीफ भी की और कहा कि ज़रूरत पड़ने पर वो टीम की मदद करके खुश होंगे। स्टेन ने लिखा, "नेपाल, अगर आपको कभी मेरी ज़रूरत पड़े तो मैं अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार हूं। आगे बढ़ते रहो।" डेल स्टेन ने अपने इस पोस्ट से संकेत दिया कि वो नेपाल क्रिकेट टीम को मेंटर करने या मदद करने के लिए तैयार हैं।
Nepal
— Dale Steyn (@DaleSteyn62) February 8, 2026
I offer my services to you if you ever need em!
Up, up and UP!
इस मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए और नेपाल के सामने जीत के लिए 185 रनों का टारगेट रखा। इंग्लैंड के दोनों ओपनर्स फिल सॉल्ट और जोस बटलर जल्दी आउट हो गए। सॉल्ट ने आउट होने से पहले एक रन बनाया जबकि बटलर 26 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद जेकब बेथल और हैरी ब्रूक ने पारी को संभाला और टीम को 180 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। बेथल ने 35 गेंदों में 55 रन बनाए जबकि ब्रूक ने आउट होने से पहले 32 गेंदों में 53 रन बनाए। अंत में विल जैक्स ने ताबड़तोड़ 39 रन बनाकर अपनी टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए।