भारतीय स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में विकेट हासिल करते ही उन्होंने झूलन गोस्वामी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
रविवार (28 जून) को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारतीय स्टार स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इतिहास रच दिया। दीप्ति ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पारी के 10वें ओवर की पहली गेंद पर बेथ मूनी (22) की विकेट हासिल करते ही पूर्व भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया और महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की नई 'विकेट क्वीन' बन गईं।
दीप्ति इस मुकाबले से पहले झूलन गोस्वामी के साथ संयुक्त रूप से महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज थीं। दोनों के नाम 355-355 विकेट दर्ज थे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विकेट हासिल करते ही दीप्ति ने 356 विकेट के आंकड़े को छू लिया और इस सूची में अकेले शीर्ष पर पहुंच गईं।