IND-W vs ZIM-W 1st T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 4 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत को जीत के लिए 115 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने शुरुआत में ही भारतीय बल्लेबाजी को झकझोर दिया। इसके बाद दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) और 20 साल की डेब्यूटेंट निकी प्रसाद (Niki Prasad) ने जिम्मेदारी संभाली और अहम पारियां खेलकर टीम को जीत दिला दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन बनाए। टीम की सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु ने 44 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। वहीं पारी के आखिरी ओवरों में शार्ने मेयर्स ने भी अहम योगदान दिया। वह 33 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद लौटीं। इन दोनों की पारियों की मदद से जिम्बाब्वे की टीम 100 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
भारत की ओर से गेंदबाजी करते हुए नंदिनी शर्मा ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ने एक-एक विकेट लिया।