इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को एक बड़ा झटका लगा है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स के 4 करोड़ के खिलाड़ी हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने अचानक आगामी सीजन से पहले अपना नाम टूर्नामेंट से वापस ले लिया है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अब उनकी रिप्लेसमेंट खोज रही है।
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार हैरी ब्रूक निजी कारणों का हवाला देकर आईपीएल 2024 से अपना नाम वापस ले चुके हैं, हालांकि अब तक फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स हैरी ब्रूक के फैसले से नाराज़ हैं और उन्होंने इसे गैर पेशेवर बताया है। उनके एक अधिकारी ने कहा, 'एक बार जब खिलाड़ी नीलामी के लिए पंजीकरण करा लेते हैं, तो उन्हें अपनी प्रतिबद्धता का सम्मान करना चाहिए। इससे मुकरना गैर-पेशेवर है और बीसीसीआई को इस पर ध्यान देना चाहिए।'
आपको बता दें कि आईपीएल के दौरान कई बार ऐसा देखने को मिला है जब विदेशी खिलाड़ियों ने सीजन के शुरू होने से पहले अचानक अपना नाम टूर्नामेंट से वापस लिया। इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स और जेसन रॉय ऐसा कर चुके हैं। वहीं मिचेल स्टार्क ने भी ऐसा किया है। गौरतलब है कि ब्रूक को डीसी ने ऑक्शन में 4 करोड़ रुपये में खरीदा था।