भारत के पूर्व क्रिकेटर एस श्रीसंत ने हाल ही में हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में आने का खुला चैलेंज दिया था। इस बयान के कुछ घंटों बाद हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह और एस श्रीसंत एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों के बीच साल 2008 के आईपीएल सीजन के दौरान हुआ थप्पड़ विवाद क्रिकेट फैंस आज भी नहीं भूले हैं। अब इसी पुराने विवाद ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।
दरअसल, श्रीसंत ने हाल ही में लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू में हरभजन सिंह को खुला बॉक्सिंग चैलेंज दिया। इंटरव्यू के दौरान उन्हें दोनों खिलाड़ियों की एक पुरानी तस्वीर दिखाई गई, जिसमें वे बॉक्सिंग ग्लव्स पहने नजर आ रहे थे। इस तस्वीर को देखकर श्रीसंत ने कहा कि अगर हरभजन को अब भी उस थप्पड़ वाली घटना या उनसे कोई समस्या है तो वे बॉक्सिंग रिंग में आकर मुकाबला कर सकते हैं।