भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में (15 जून) को खेला गया वनडे ट्राई नेशन सीरीज का चौथा मुकाबला सोमवार जबरदस्त ड्रामे से भरपूर रहा। मैच का नतीजा आखिरी गेंद तक नहीं निकल सका और दोनों टीमों के स्कोर बराबर रहने के बाद सुपर ओवर खेला गया। हालांकि सुपर ओवर कराने को लेकर मैदान पर काफी देर तक भ्रम की स्थिति बनी रही।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ए की टीम 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई। एक समय टीम मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने आठवें विकेट के लिए 104 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। शेडगे ने 66 गेंदों में 72 रन बनाए, जबकि विपराज निगम ने 49 गेंदों में 51 रन की अहम पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम भी धीरे-धीरे मैच के करीब पहुंच गई। टीम के लिए सदीरा समरविक्रमा ने एक छोर संभालकर 113 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली। आखिरी ओवर में श्रीलंका ए को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे, लेकिन तेज गेंदबाज अरशद खान ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की और सिर्फ 4 रन दिए। इसके साथ ही दोनों टीमों का स्कोर 265-265 हो गया और मुकाबला टाई हो गया।