टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज के दूसरे मैच में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 51 रनों से हराकर पॉइंट्स टेबल पर अपना खाता खोल लिया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका को जीत के लिए 147 रनों का लक्ष्य मिला था लेकिन श्रीलंका की पूरी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और पूरी टीम 95 रनों पर ऑलआउट हो गई और 51 रनों से ये मैच हार गई।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद इंग्लैंड की शुरूआत खराब रही और 16 रन के कुल स्कोर पर जोस बटलर के रूप में टीम को पहला झटका लगा। इसके बाद थोड़े-थोड़े अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन फिल सॉल्ट ने एक छोर संभाला। टूर्नामेंट में अपना पहला अर्धशतक जड़ते हुए सॉल्ट ने 40 गेंदों में 62 रन की पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के जड़े।
उनके अलावा कोई और खिलाड़ी अपनी छाप नहीं छोड़ पाया, जिसके चलते इंग्लैंड निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गवाकर 146 रन ही बना सकी। श्रीलंका के लिए शानदार गेंदबाजी करते हुए डुनिथ वेल्लालागे ने 3 विकेट, महीश तीक्षणा और दिलशान मदुशंका ने 2-2 विकेट और दुश्मंथा चमीरा ने 1 विकेट लिया।