आईपीएल 2026 के बीच पंजाब किंग्स के स्टार तेज़ गेंदबाज़ अर्शदीप सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं। लेकिन इस बार वजह उनकी गेंदबाज़ी नहीं, बल्कि धर्मशाला की सड़कों पर उनका बेहद सिंपल अंदाज़ है। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ़ होने वाले बड़े मुकाबले से पहले अर्शदीप का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो बिना किसी सिक्योरिटी के आराम से घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अर्शदीप के साथ कथित गर्लफ्रेंड समरीन कौर भी नज़र आ रही हैं। दोनों धर्मशाला के एक इलाके में साथ घूमते और बातें करते दिखे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने अर्शदीप को तुरंत पहचान लिया। वीडियो बना रहे एक फैन की आवाज़ भी सुनाई देती है, जिसमें वो कहता है, “अरे यार, कोई सिक्योरिटी भी नहीं है।” यही बात सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। फैंस को अर्शदीप का ये डाउन टू अर्थ अंदाज़ काफी पसंद आ रहा है। कई लोगों ने कहा कि आजकल बड़े क्रिकेटर्स को बिना सिक्योरिटी के इस तरह आम लोगों के बीच घूमते देखना बहुत कम होता है। वहीं, समरीन कौर के साथ दिखने के बाद दोनों के रिलेशनशिप को लेकर चर्चाएं भी फिर तेज़ हो गई हैं। पिछले कुछ महीनों से दोनों को लेकर डेटिंग की अफवाहें चल रही हैं, हालांकि अभी तक किसी ने भी इन खबरों पर खुलकर कुछ नहीं कहा है। अब फैंस की नजर सिर्फ इस वायरल वीडियो पर ही नहीं, बल्कि पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के अहम मुकाबले पर भी टिकी हुई है। पंजाब के लिए ये मैच प्लेऑफ की रेस में काफी अहम माना जा रहा है। अगर पंजाब की टीम दिल्ली को हरा देती है तो वो 15 अंकों के साथ एक बार फिर से अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच जाएंगे और प्लेऑफ की रेस फिर से दिलचस्प हो जाएगी।