ICC Women's T20 World Cup 2026, Pakistan Women vs Netherlands Women: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इस मुकाबले में पाकिस्तान ने नीदरलैंड को 37 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 126 रन बनाए, जिसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 89 रन पर सिमट गई। गुल फिरोजा की बल्लेबाजी के बाद कप्तान फातिमा सना और आयशा जफर की शानदार गेंदबाजी पाकिस्तान की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग चरण का 26वां मुकाबला शनिवार (27 जून) को पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में खेला गया। इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में नाबाद 63 रन बनाए। उनकी इस जुझारू पारी में 9 चौके शामिल रहे। गुल फिरोजा को आयशा जफर का भी अच्छा साथ मिला।