भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल से पहले भविष्यवाणियों का दौर भी शुरू हो चुका है और इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हैडिन का मानना है कि न्यूजीलैंड फाइनल जीतने का मजबूत दावेदार है और वो भारत को उसी की धरती पर हराएंगे। हैडिन ने कहा कि अगर फिन एलन अच्छा खेलते हैं, तो वो 8 मार्च को टीम इंडिया की पार्टी खराब कर सकते हैं।
न्यूज़ीलैंड की टीम बुधवार को ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नौ विकेट से जीतकर फाइनल में पहुंची जबकि भारत ने 254 रन का टारगेट रखने के बाद मज़बूत इंग्लैंड टीम को सात रन से हरा दिया और फाइनल में एंट्री मार ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले फाइनल से पहले हैडिन ने कहा कि न्यूज़ीलैंड भारत को उसी के घरेलू हालातों हराने में सक्षम है।
हैडिन ने विलो टॉक क्रिकेट पॉडकास्ट पर कहा, "अगर वो (फिन एलन) फाइनल में अच्छा खेलते हैं, तो वो ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत की जीत को उनके घरेलू मैदान पर खराब कर सकते हैं। अगर मैं टूर्नामेंट में भारत की जगह आता, तो एक टीम जिसके साथ मैं फाइनल में नहीं खेलना चाहता, वो न्यूज़ीलैंड है। न्यूज़ीलैंड को भारत के घरेलू हालात में भारत से डर नहीं लगता। उन्होंने उन्हें यहां टेस्ट सीरीज़ में हराया है। इसलिए अगर वो उस सोच के साथ उतरते हैं और फिन एलन उसी आज़ादी से खेलते हैं, जैसा उन्होंने खेला है, तो वो भारत पर सच में दबाव डाल सकते हैं। मैं न्यूज़ीलैंड के साथ हूं।"