AFG vs IRE: आयरलैंड और अफगानिस्तान के बीच इन दिनों पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। हालांकि बुधवार (5 अगस्त) को बरेडी क्रिकेट क्लब में होने वाला पहला मुकाबला बारिश की वजह से बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया। लेकिन सीरीज के बाकी मुकाबलों में आयरलैंड के अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर जॉर्ज डॉकरेल (George Dockrell) के पास इतिहास रचने का शानदार मौका होगा।
दरअसल, 34 साल के बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल अब तक आयरलैंड के लिए 133 वनडे मैचों में 111 विकेट ले चुके हैं। वह वनडे क्रिकेट में आयरलैंड के सबसे सफल गेंदबाज बनने से सिर्फ चार विकेट दूर हैं। यह रिकॉर्ड फिलहाल पूर्व ऑलराउंडर केविन ओ'ब्रायन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 153 वनडे मैचों में 114 विकेट चटकाए थे। अगर डॉकरेल अफगानिस्तान के खिलाफ बाकी चार मुकाबलों में चार विकेट हासिल कर लेते हैं तो वह आयरलैंड के वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
दिलचस्प बात यह है कि आयरलैंड की ओर से वनडे क्रिकेट में अब तक सिर्फ केविन ओ'ब्रायन और जॉर्ज डॉकरेल ही 100 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कारनामा कर पाए हैं।