पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार (7 सितंबर) को हांगकांग चीन को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप (Women’s Asia Cup 2026) के सेमीफाइनल में जगह बना ली। हालांकि, इस जीत के बाद टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज गुल फिरोजा (Gull Feroza) को लेकर एक बुरी खबर सामने आई है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने हांगकांग के खिलाफ मुकाबले के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
आईसीसी ने गुल फिरोजा पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके अलावा उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। दरअसल, यह घटना पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में हुई। हांगकांग की स्पिन गेंदबाज कैरी चान ने फुल लेंथ गेंद डाली, जिस पर गुल फिरोजा एलबीडब्ल्यू आउट हो गईं। अंपायर के उंगली उठाने से पहले ही गुल ने अपने बल्ले की तरफ इशारा किया, जिससे वह यह बताने की कोशिश कर रही थीं कि गेंद उनके बल्ले से लगकर गई है। आईसीसी के मुताबिक, उनका यह व्यवहार इंटरनेशनल मैच में अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से जुड़ी आचार संहिता की धारा 2.8 का उल्लंघन था।
गुल फिरोजा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और उन पर प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसलिए इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास ने यह सजा प्रस्तावित की थी। मैच के ऑन-फील्ड अंपायर रबाब अहसन और रोकैया सुल्ताना, थर्ड अंपायर शिवानी मिश्रा और फोर्थ अंपायर शथीरा जाकिर ने गुल फिरोजा के खिलाफ आरोप लगाए थे।