PAK vs ENG, ODI Tri-Series 2026: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच रविवार (25 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में रोमांच के साथ मैदान पर तनाव भी देखने को मिला। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ (Haris Rauf) और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स (Will Jacks) के बीच तीखी बहस हो गई।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 46वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई। उस समय सैम करन गेंदबाजी कर रहे थे और पाकिस्तान की ओर से शादाब खान 99 रन बनाकर खेल रहे थे। करन ने शादाब को एक तेज बाउंसर डाली, जो काफी ऊंची थी। शादाब ने इस गेंद के बाद स्क्वायर लेग अंपायर की तरफ देखकर वाइड देने की अपील की, लेकिन अंपायर ने उनकी अपील स्वीकार नहीं की।
इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े हारिस रऊफ की पास में फील्डिंग कर रहे विल जैक्स से बहस शुरू हो गई। वीडियो में रऊफ जैक्स की तरफ बल्ला दिखाते हुए आक्रामक अंदाज में आगे बढ़ते नजर आए। हालात बिगड़ने से पहले ही अंपायर ने दोनों के बीच आकर हस्तक्षेप किया। इसके बाद जो रूट भी तेजी से वहां पहुंचे और रऊफ को अपने साथ लेकर दूसरी तरफ चले गए।