ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार, 15 फरवरी को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल में पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18 ओवर में सिर्फ 133 रनों पर सिमट गई। इस मैच में ना सिर्फ भारतीय गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला बल्कि फील्डर्स ने भी अपनी फील्डिंग से मेला लूट लिया और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तो एक ऐसा कैच पकड़ा जिसकी सोशल मीडिया पर भी काफी तारीफ हो रही है।
ये कैच किसी और का नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज बल्लेबाज एलिस पेरी का था जो अच्छे से सेट होकर बल्लेबाजी कर रही थीं लेकिन अरुंधति रेड्डी की गेंद पर हवाई शॉट लगाने के चक्कर में वो हरमनप्रीत कौर के हाथों लपकी गईं। हालांकि, ये कैच इतना भी आसान नहीं था। मिड ऑफ पर खड़ी हरमन को काफी भागना पड़ा और उन्होंने आखिरकार डाइव लगाकर इस शानदार कैच को पूरा किया। उनके इस कैच का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Harmanpreet Kaur pulls off a stunner to dismiss Ellyse Perry #AUSvIND pic.twitter.com/oTPpvV4mu6
— cricket.com.au (@cricketcomau) February 15, 2026
इस मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। उनके अलावा फीबी लिचफील्ड ने 19 गेंदों पर 26 रन, एलिस पेरी ने 11 गेंदों पर 20 रन और जॉर्जिया वोल ने 10 गेंदों पर 18 रनों की पारी खेलकर योगदान किया। सिडनी के मैदान पर भारतीय गेंदबाज़ों ने खूब धमाल मचाया। उनके लिए अरुंधति रेड्डी सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहीं जिन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट निकाले। उनके अलावा श्री चरणी और रेणुका सिंह ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए। वहीं, दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ ने 1-1 विकेट निकाला।