बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच जारी दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान कप्तान शान मसूद और बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम के बीच तीसरे दिन तीखी बहस हो गई।
सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 16 मई से खेले जा रहे बांग्लादेश और पाकिस्तान के दूसरे टेस्ट मुकाबले में तीसरे दिन सोमवार (18 मई) को मैदान पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद और बांग्लादेश के स्टार बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम के बीच जमकर बहस हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना बांग्लादेश की दूसरी पारी के दौरान हुई। दूसरे सेशन में 78वें ओवर के खत्म होने के बाद खेल थोड़ी देर के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान मुशफिकुर रहीम पाकिस्तान टीम पर समय बर्बाद करने का आरोप लगाते नजर आए। रिपोर्ट्स के मुताबिक रहीम चाहते थे कि पाकिस्तान टीम जल्दी खेल शुरू करे और समय खराब ना करे। इस पर शान मसूद ने भी तुरंत जवाब दिया और कहा कि जब रहीम मैदान पर क्रैम्प्स की वजह से इलाज ले रहे थे, तब उन्हें कोई दिक्कत नहीं थी।