टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 39वें मैच में अफ़गानिस्तान ने कनाडा को 82 रनों से हराकर अपने अभियान का समापन शानदार ढंग से किया। अफगानिस्तान की इस जीत में सबसे अहम भूमिका उनके ओपनर इब्राहिम जादरान ने निभाई। जादरान ने 56 गेंदों में 95 रनों की तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 200 तक पहुंचाया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के भी लगाए।
इन 5 में से एक छक्का तो ऐसा था जिसे आप एक बार नहीं बल्कि बार-बार देखना चाहेंगे। ये गजब का छक्का अफ़गानिस्तान की इनिंग्स के 19वें ओवर में आया, जब इब्राहिम ज़ादरान ने कनाडा के बॉलर, डिलोन हेलीगर को एक शानदार छक्का लगा दिया। हेलीगर ने एक स्लो, फुलर बॉल फेंकी जो ऑफ़ स्टंप के काफी बाहर थी लेकिन जादरान ने तुरंत रिएक्ट करते हुए एक घुटने पर बैठकर अपने बैट का मुंह खोला और एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से एक करिश्माई छक्का दे मारा। ये छक्का 75 मीटर लंबा था। इस छक्के का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद अफगानिस्तान की शुरूआत अच्छी नहीं रही और 49 रन के कुल स्कोर तक 2 विकेट गिर गए। इसके बाद इब्राहिम ने सेदिकुल्लाह अटल के साथ पारी को संभाला औऱ तीसरे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। इब्राहिम के अलावा अटल ने भी 32 गेंदों में 44 रन और रहमानुल्लाह गुरबाज ने 20 गेंदों में 30 रन बनाए। जिसकी बदौलत अफगानिस्तान ने 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन का विशाल स्कोर बनाया।