आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। अफ्रीका में होने वाले इस टूर्नामेंट की तारीखें सामने आ गई हैं। ये टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर तक साउथ अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तारीखों पर मई में अहमदाबाद में हुई आईसीसी की बैठक में सहमति बनी थी।
4 अक्तूबर को टूर्नामेंट का पहला मैच खेला जाएगा जबकि 21 नवंबर को टूर्नामेंट का फाइनल होने की उम्मीद है। अगले महीने एडिनबर्ग में होने वाली सालाना आम बैठक में इसे अंतिम मंज़ूरी मिलने की उम्मीद है। 2003 के बाद अफ्रीका में होने वाला ये पुरुषों का पहला बड़ा वनडे वर्ल्ड कप होगा और ये 2027-2031 के 'फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम' का पहला आईसीसी इवेंट भी होगा। उम्मीद है कि मेज़बानी की ज़्यादातर ज़िम्मेदारी साउथ अफ्रीका उठाएगा। टूर्नामेंट के 54 में से कम से कम 41 मैच देश के आठ वेन्यू पर खेले जा सकते हैं।
इसके अलावा ज़िम्बाब्वे में आठ से दस मैच होने की उम्मीद है, जबकि नामीबिया तीन मैचों की मेज़बानी कर सकता है। खास बात ये है कि ज़िम्बाब्वे की भूमिका मूल योजनाओं से कहीं ज़्यादा बढ़ गई है। अब ये देश इवेंट के दौरान तीन वेन्यू का इस्तेमाल करेगा। हरारे स्पोर्ट्स क्लब और बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब के साथ-साथ विक्टोरिया फॉल्स भी मेज़बान मैदानों में शामिल होगा।