IND vs WI 1st ODI: भारत ने रविवार (27 सितंबर) को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज से मिले 296 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल की शतकीय पारियों दम पर महज 41.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही। सलामी बल्लेबाज जस्टिन ग्रीव्स और जॉन कैंपबेल ने पहले विकेट के लिए 135 रन जोड़े। ग्रीव्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि कैंपबेल ने 60 गेंदों में 62 रन बनाए।
सलामी साझेदारी टूटने के बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। आमिर जांगू ने जरूर 43 गेंदों में 58 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास योगदान नहीं दे सके। इसके चलते वेस्टइंडीज 300 रन का स्कोर पार नहीं कर पाई और निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 295 रन बनाए।